बंद पड़े मकान में चोरी, चोर उठा ले गए बर्तन और राशन

 



करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के डाल्हनपुर गांव में सोमवार की रात बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोरों ने ताला तोड़कर घर में रखा बर्तन, राशन और अन्य सामान पार कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि डाल्हनपुर गांव निवासी धर्मराज यादव ने बुधवार को तहरीर दी थी कि उनका परिवार सोमवार को घर बंद कर रिश्तेदारी गया हुआ था। घर में कोई मौजूद नहीं था। जब वह मंगलवार की शाम लौटे तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा है।


जांच करने पर घर से पीतल के तीन हांडा, चार परात, एक पंखा, एक गैस सिलेंडर, खाने-पीने का सामान और कपड़े गायब मिले। घटना की जानकारी होते ही धर्मराज यादव ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।